निष्पक्ष तरीके से हो भर्ती प्रक्रिया
पौड़ी
युवा कांग्रेस ने शिक्षा विभाग में पीआरडी के माध्यम से होने से वाली नियुक्तियों को निष्पक्ष तरीके से करने की मांग की है। बुधवार को युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने डीएम से मुलाकात की। इस दौरान युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि कुछ दिन पूर्व शिक्षा सचिव मीनाक्षी सुंदरम द्वारा शिक्षा विभाग में पूरे प्रदेश में 371 पदों पर भर्ती करने के आदेश दिए गए। जिसमे की 41 पदों पर पौड़ी में भी भर्ती होनी है। कहा कि बढ़ती बेरोजगारी को कम करने के लिए सरकार को स्थायी नियुक्तियां निकालनी चाहिए थी लेकिन पीआरडी के माध्यम से नियुक्तियां होने पर सालों से विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के साथ सरकार छलावा करने का काम कर रही है। युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष आशीष नेगी व प्रदेश सचिव एनएसयूआई मोहित सिंह ने कहा कि पहले तो शिक्षा विभाग में स्थाई नियुक्तिया की जाए अगर पीआरडी के माध्यम से नियुक्ति की जाती है तो मानक तय कर निष्पक्ष रूप से भर्तियां की जाए जिससे बेरोजगार युवाओं के साथ पक्षपात न हो। कहा कि निष्पक्ष तरीके से ये नियुक्तियां नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में मुकुल कुमार, विजय दर्शन बिष्ट, प्रतीक बिष्ट, प्रमोद, विनोद दनोसी, भाष्कर बहुगुणा, तामेश्वर आर्य, तरुण आदि शामिल थे।
