टिहरी झील में चल रहा वाटर स्पोर्ट्स कप दिखावा : विक्रम सिंह नेगी

नई टिहरी। टिहरी बांध की झील पर चल रहे वाटर स्पोर्ट्स कप को प्रतापनगर विधायक ने दिखावा बताया है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री ने डैम टॉप से 24 घंटे आवाजाही की मांग के बदले मात्र एक घंटा और बढ़ाने की घोषणा से लोगों निराशा बनी है। गुरुवार को प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि टिहरी लोग और जनप्रतिनिधि लंबे समय से टिहरी डैम टॉप के ऊपर से 24 घंटे वाहनों की आवाजाही की मांग करते आ रहे थे। आठ माह पूर्व केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने डैम के ऊपर से वाहनों आवाजाही का समय 24 घंटे करने की बात कही थी, लेकिन बीते बुधवार को वाटर स्पोर्ट्स कप के संबोधन के दौरान उन्होंने डैम टॉप के ऊपर से वाहनों की आवाजाही एक घंटे बढ़ाने की घोषणा की है, जिससे स्थानीय लोगों के हाथ निराशा लगी है। बताया कि बाध प्रभावितों की समस्याओं को लेकर उन्होंने भागीरथी पुरम में केंद्रीय ऊर्जा सचिव से भी भेंट कर प्रभावितों की समस्याओं का समाधान की मांग की है। साथ ही डोबरा चांठी पुल पर अतिरिक्त जाली लगाने, एक ओर स्थाई बोटिंग प्वांट बनाने, झील की आसपास की जमीन स्थानीय युवाओं को लीज पर देने, टिहरी बांध से होने वाली कमाई का उत्तर प्रदेश को दी जाने वाली 25 प्रतिशत हिस्सेदारी उत्तराखंड को दिए जाने की मांग भी ऊर्जा सचिव के समक्ष रखी है।
कहा कि टीएचडीसी रोजगार के क्षेत्र में स्थानीय युवाओं का उपेक्षा कर रही है। उन्होंने ऊर्जा सचिव से समय समय पर टिहरी झील की सफाई करने की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि जब भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो कर्मचारियों के हितों के मद्देनजर सबसे पहले पुरानी पेंशन बहाली की जाएगी। उन्होंने सरकार से अंकित भंडारी मामले में उस वीआईपी का नाम उजागर करने की मांग भी की है, जिसके नाम से रिजॉर्ट में कमरा बुक था। वार्ता में जिलाध्यक्ष राकेश राणा, प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, विजय गुनसोला, दर्शनी रावत, देवेन्द्र नौडियाल, मर्शरफ अली, किशोर मंद्रवाल, मान सिंह रौतेला, कुलदीप पंवार, कुशीलाल, मुरारीलाल खंडवाल, लखवीर चौहान आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *